अपने होम प्रोडक्शन की फिल्म परमाणु की सक्सेस से खुश जॉन अब्राहम एक इवेंट के सिलसिले में दिल्ली आये हुए थे। इस दौरान उन्होंने अपने कई राज खोले। चाहे वो देश में करप्शन की बात हो या मॉब लिंचिंग की, जॉन ने मीडिया के हर सवाल का जवाब दिया।
बता दें की अब जॉन अब्राहम ने कॉमेडी फिल्मों से देशभक्ति फिल्मों की और अपना रुख बना लिया हैं। जॉन अब्राहम से जब करप्शन के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आज देश की मुख्य समस्या ही करप्शन है। बिना पैसे दिए कोई भी सरकारी काम नहीं होता है। यही नहीं उन्हें भी कई बार करप्शन का सामना करना पड़ा है।
जॉन ने अपना एक निजी उदाहरण देते हुए बताया कि हाल ही में उन्हें अपनी गाड़ी के लिए नंबर चाहिए था, जब वो सरकारी ऑफिस पहुंचे तो उनसे 20 हजार रुपए मांगे गए। ऑफिस में उस कर्मचारी ने कहा कि रसीद में 15 हजार ही लिखेंगे बाकी आप समझ लेना। जिस पर जॉन ने उस कर्मचारी से कहा, क्या समझ लेना, मुझे कुछ भी नहीं समझना है। ना तो मैं घूस लेता हूं ना ही देता हूं इसलिए मैं 15 हजार ही दूंगा।
दिल्ली आने पर जब जॉन से पूछा गया कि उन्हें दिल्ली कैसा लगता है तो उन्होंने कहा कि यह शहर दूसरों की अपेक्षा ज्यादा व्यवस्थित है। यहां आना हमेशा अच्छा लगता है लेकिन यह महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित भी है। कुछ लोग इस बात पर बुरा मान जाते हैं कि उनके शहर के बारे में ऐसा क्यों कहा लेकिन सच्चाई यही है, इसे हमें स्वीकार करना चाहिए और शहर को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने की कोशिश करनी चाहिए।
आज के समय में मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर जॉन ने कहा कि निश्चित रुप से यह शर्मनाक है। धर्म के नाम पर इस तरह की घटनाएं अगर हो रही हैं तो हमारे समाज को इस बारे में सोचना पड़ेगा।